बाबरी क्षेत्र में रविवार को आयोजित आरोग्य मेले में ग्रामीणों ने उत्साह के साथ पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। मेले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। भीषण गर्मी और मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर देखने को मिला, जिसके चलते बुखार, नजला-खांसी और त्वचा रोग से संबंधित मरीजों की संख्या अधिक रही।
आरोग्य मेले में कुल 45 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। चिकित्सकों के अनुसार आठ मरीज बुखार से पीड़ित पाए गए, जबकि छह मरीज नजला, जुकाम और खांसी की शिकायत लेकर पहुंचे। इसके अलावा पांच मरीज त्वचा संबंधी रोगों से ग्रसित मिले। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी मरीजों का परीक्षण कर उन्हें दवाइयां उपलब्ध कराईं तथा बीमारी से बचाव के उपाय भी बताए।
मेले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया। सात गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच कर उन्हें संतुलित आहार, समय-समय पर जांच कराने और सुरक्षित मातृत्व को लेकर जरूरी जानकारी दी गई। वहीं कुत्ता काटने के दो मामलों में पीड़ितों को तत्काल एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाए गए, ताकि किसी प्रकार के संक्रमण का खतरा न रहे।
चिकित्सकों ने लोगों से गर्मी के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, साफ-सफाई का ध्यान रखें और बाहर का दूषित भोजन खाने से बचें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी कोई भी समस्या होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय सलाह लें।
आरोग्य मेले के दौरान ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी दी। मेले में ग्रामीणों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली।

0 Comments