बाबरी क्षेत्र के गांव कैड़ी निवासी विवाहिता तरन्नुम की प्रसव के दौरान उपचार के समय मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार तरन्नुम पिछले चार दिनों से अस्वस्थ थीं। उनकी तबीयत बिगड़ने पर पहले शामली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार न होने और स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें शनिवार को पानीपत (हरियाणा) के एक निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान रविवार सुबह उनकी मौत हो गई।
विवाहिता की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिजन और परिचित अस्पताल पहुंच गए। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
रविवार शाम तरन्नुम के शव को गांव कैड़ी लाया गया, जहां गमगीन माहौल में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार मौजूद रहे तथा शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

0 Comments