हाईवे पर अज्ञात कार की टक्कर से साइकिल सवार बुजुर्ग गंभीर घायल, बेटे की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज



पानीपत खटीमा नेशनल हाईवे पर 
दिल्ली-देहरादून हाईवे के करौदा कट के निकट अज्ञात कार की टक्कर से साइकिल सवार बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल का पहले शामली के निजी अस्पताल में उपचार कराया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर मेरठ रेफर कर दिया गया। घटना के चार दिन बाद बेटे की तहरीर पर बाबरी थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव सोंटा निवासी कोकिल कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता ब्रजमोहन सिंह नौ जून को शामली से साइकिल द्वारा अपने गांव लौट रहे थे। दोपहर करीब 11:52 बजे पानीपत खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिल्ली-देहरादून हाईवे के करौदा कट के पास हाईवे से उतर रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में ब्रजमोहन गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि साइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
राहगीरों और परिजनों की मदद से घायल को तत्काल शामली स्थित गंगादास अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए मेरठ के सुभारती अस्पताल रेफर कर दिया, जहां वह आईसीयू में भर्ती हैं।
बाबरी थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं मे प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Post a Comment

0 Comments