तेल कारोबार में निवेश के नाम पर 11 लाख रुपये की ठगी, रकम मांगने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज


कैराना। पुलिस ने सरसों के तेल के कारोबार में मोटे मुनाफे का झांसा देकर तीन लोगों से 11 लाख रुपये की कथित ठगी करने तथा रकम वापस मांगने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


नगर के मोहल्ला खेलकलां निवासी शमीम पुत्र बदरू ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व मोहल्ला खेलकलां निवासी सत्तार पुत्र नियाज उससे मिला और सरसों के तेल के कारोबार में साझेदारी कर मोटा मुनाफा कमाने का प्रस्ताव दिया। आरोप है कि सत्तार की बातों में आकर उसने 5 लाख रुपये निवेश कर दिए। इसके अलावा उसके साथियों मुरसलीन पुत्र इलियास और शमशाद पुत्र निजामुद्दीन ने भी 3-3 लाख रुपये देकर कुल 11 लाख रुपये का निवेश किया।
पीड़ित का आरोप है कि कई माह बीत जाने के बाद भी न तो किसी प्रकार का लाभांश दिया गया और न ही मूल रकम लौटाई गई। जब रकम वापस मांगी गई तो आरोपित टालमटोल करता रहा और बाद में पैसे लौटाने से इंकार कर दिया। आरोप है कि उसने अपने प्रभावशाली लोगों से संबंध होने का हवाला देते हुए रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
रिपोर्ट के अनुसार 13 जून को पीड़ित अपने साथियों के साथ आरोपित की दुकान पर रकम मांगने पहुंचा था। आरोप है कि इस दौरान आरोपित अपने परिजनों और साथियों के साथ वहां पहुंच गया तथा गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपित पक्ष पर तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई कर उसकी रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने धोखाधड़ी, मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments