शामली। देश सेवा में तैनात 33 असम राइफल्स के सेवारत हवलदार अनिल कुमार का मणिपुर में आज प्रातःकाल आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही परिवार तथा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
स्वर्गीय हवलदार अनिल कुमार मूल रूप से बंटीखेड़ा के निवासी थे तथा वर्तमान में उनका परिवार काका नगर, शामली में निवास करता है। अपने पीछे वे पत्नी, एक पुत्री एवं एक पुत्र को छोड़ गए हैं। शाहिद हवलदार अनिल कुमार के एक भाई आर्मी से सूबेदार मेजर से सेवानिवृत है एवं एक भाई अभी भी सेना में सेवारत हैं ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हवलदार अनिल कुमार का पार्थिव शरीर कल सायं लगभग 5 बजे उनके आवास काका नगर, शामली पहुंचेगा। पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के उपरांत उनका अंतिम संस्कार मेरठ-करनाल रोड, नहर पटरी अपना घर आश्रम के पीछे वाले श्मशान घाट शामली स्थित श्मशान घाट में पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।
अंतिम संस्कार के अवसर पर भारतीय सेना द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया जाएगा। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, पूर्व सैनिकों तथा बड़ी संख्या में लोगों के अंतिम यात्रा में शामिल होने की संभावना है।
देश की सेवा करते हुए हवलदार अनिल कुमार के निधन पर क्षेत्रवासियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

0 Comments