बिजली बिलों में 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार वृद्धि के विरोध में व्यापार मंडल ने सौंपा ज्ञापन


कैराना। बिजली बिलों में 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार (फ्यूल सरचार्ज) बढ़ाए जाने के प्रस्ताव के विरोध में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश, शाखा कैराना के पदाधिकारियों ने गुरुवार को अध्यक्ष अनुज कुमार के नेतृत्व में उपखंड विद्युत अधिकारी (एसडीओ) से मुलाकात कर उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि बिजली दरों में प्रस्तावित बढ़ोतरी से व्यापारियों, उद्यमियों तथा आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने आयोग से जनहित में इस निर्णय पर पुनर्विचार करते हुए प्रस्तावित वृद्धि वापस लेने की मांग की।

इस दौरान एसडीओ गुप्ता ने व्यापारियों को बताया कि कस्बे में बढ़ते विद्युत भार को देखते हुए 11 नए ट्रांसफार्मरों को स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा देवी मंदिर स्थित विद्युत उपकेंद्र की क्षमता में 5 एमवीए की वृद्धि की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।

इसके बाद व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और एसडीओ के बीच कस्बे की विभिन्न विद्युत समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। व्यापारियों ने विद्युत आपूर्ति, लो-वोल्टेज तथा अन्य समस्याओं के समाधान की मांग उठाई, जिस पर अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मौके पर व्यापार मंडल के संरक्षक अनिल कुमार गुप्ता, सह महामंत्री सिद्धार्थ जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राशिद अहमद गुड्डू, उपाध्यक्ष अभिषेक वालिया सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments