कैराना : कैराना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-709 एडी के निकट खेत पर गए पूर्व राज्यमंत्री रियासत राणा के पुत्र बिलाल राणा को गोली मारकर घायल किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस घटना की जांच कार्रवाई में जुटी हैं। घायल पक्ष ने जमीनी विवाद को घटना का कारण बताते हुए आधा दर्जन लोगों पर मारपीट और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है।
गुरुवार की सायं लगभग छह बजे बताया गया है कि बिलाल राणा अपने भांजे सेम के साथ गांव मन्नामाजरा के निकट खेत पर गए हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान पुराने जमीनी विवाद को लेकर कुछ लोग वहां पहुंच गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। वह जान बचाकर मौके से भागने लगे, तभी उनके बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे तथा घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मामले में तहरीर मिलने पर साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

0 Comments