कैराना : नगर में ईद-उल-अज़हा का पर्व पूरी धार्मिक आस्था, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया गया। नगर की ऐतिहासिक एवं प्राचीन ईदगाह मस्जिद में हजारों अकीदतमंदों ने ईद की नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई तथा सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
गुरुवार की सुबह छह बजे से ही ईदगाह मस्जिद में नमाजियों का पहुंचना शुरू हो गया था। निर्धारित समय पर शाही इमाम मौलाना ताहिर हसन ने ईद-उल-अज़हा की नमाज अदा कराई तथा खुतबा पेश किया। उन्होंने अपने संबोधन में लोगों से सच्चाई और नेक रास्ते पर चलने, आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा समाज में अमन और सौहार्द कायम रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार हमें प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देते हैं। ईद की नमाज को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे। जिलाधिकारी आलोक यादव, पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह, उपजिलाधिकारी शिवाजी यादव, क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार, कोतवाली प्रभारी समयपाल अत्री तथा अधिशासी अधिकारी समीर कुमार कश्यप सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। ईदगाह परिसर में साफ-सफाई, पेयजल एवं सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। नमाज शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।

0 Comments