सड़क हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत, गांव में गम का माहौल


कैराना : नगर के रामड़ा रोड स्थित बाईपास पुल के निकट दो बाइकों की भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत से स्वजन में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।


गत बुधवार को गांव मंडावर निवासी कादिर पुत्र दूल्ला तथा नदीम पुत्र दिलशाद किसी कार्य से रिश्तेदारी में जा रहे थे। इसी दौरान रामड़ा रोड बाईपास पुल के निकट सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई थी। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें राहगीरों की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया गया था। घायलों में बरनावी निवासी आशु जिंदा की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया था। बताया गया है कि पानीपत में स्थित गैलेक्सी अस्पताल में उपचार के दौरान आशु की मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही स्वजन में चीख-पुकार मच गई। बाद में स्वजन ने मृतक के शव को गांव स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
बताया गया है कि मृतक आशु की करीब छह वर्ष पूर्व शादी हुई थी और उसकी चार पुत्रियां हैं। वह पानीपत की एक फैक्ट्री में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। हादसे के बाद से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं क्षेत्र में भी घटना को लेकर गमगीन माहौल बना हुआ है।

----

Post a Comment

0 Comments