कैराना। सोमवार रात्रि अधीक्षण अभियंता के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीम ने कस्बे के कई मोहल्लों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान आठ घरों में बिजली चोरी होते हुए पाई गई। बिजली चोरी के सभी आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है।
सोमवार देर रात करीब दस बजे अधीक्षण अभियंता बीरेंद्र सिंह व अधिशासी अभियंता चतुर्थ जयप्रकाश कैराना पहुंचे। जहां पर उन्होंने विद्युत विभाग की स्थानीय टीम को साथ लेकर बिजली चोरी रोकने के लिए कस्बे के मोहल्ला आलदरम्यान, बेगमपुरा व दरबारखुर्द में चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने करीब दो घंटे तक इन मोहल्लों में सैंकड़ों विद्युत संयोजनों की गहन जांच-पड़ताल की। इस दौरान आठ घरों में मीटर से पहले कट करके बिजली चोरी होते हुए मिली, जिनकी वीडियोग्राफी कराकर चोरी में इस्तेमाल किये जा रहे विद्युत केबिल जब्त कर लिये गए। बिजली चोरी के सभी आरोपियों के विरुद्ध विद्युत थाने में अभियोग पंजीकृत कराया गया है। वहीं, टीम में शामिल 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र देवी मंदिर कैराना के अवर अभियंता अजय शर्मा ने बताया कि अत्यधिक लाइनलॉस व ओवरलोड के चलते बिजली चोरी रोकने के लिए उच्चाधिकारियों के नेतृत्व में रात्रि में अभियान चलाया गया, जिसमें आठ जगहों पर बिजली चोरी पकड़ी गई है। सभी के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।

0 Comments