ईद के दिन भी जनता की खिदमत में जुटे रहे सभासद राशिद अहमद गुड्डू



कैराना। राशिद अहमद गुड्डू ने ईद उल अज़हा के दिन जनसेवा की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी पूरे क्षेत्र में चर्चा बनी रही। जहां एक ओर लोग ईद की खुशियों और इबादत में मशगूल थे, वहीं वार्ड 20 के सभासद राशिद अहमद गुड्डू रातभर जनता की मूलभूत सुविधाएं बहाल कराने में जुटे रहे।

बताया गया कि बीती रात क्षेत्र के ट्रांसफार्मर में अचानक फॉल्ट हो गया, जिससे इलाके की बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप पड़ गई। अंधेरे और गर्मी के बीच लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही सभासद राशिद अहमद गुड्डू रात करीब 3 बजे मौके पर पहुंच गए और बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ फॉल्ट सही कराने में जुट गए।

लगातार कई घंटों की मशक्कत के बाद सुबह करीब 10 बजे ट्रांसफार्मर का फॉल्ट सही कराया गया और बिजली सप्लाई बहाल हो सकी। लेकिन इसके बाद मोहल्ला अंसारियान में पानी सप्लाई भी बंद हो गई। जानकारी मिलने पर पता चला कि पानी सप्लाई व्यवस्था में तकनीकी खराबी आ गई है, जिसके चलते नया स्टेबलाइजर लगवाने का कार्य शुरू कराया गया।

ईद का दिन होने के बावजूद सभासद राशिद अहमद गुड्डू मौके से नहीं हटे और कर्मचारियों के साथ लगातार व्यवस्था को दुरुस्त कराने में जुटे रहे। कई घंटों की मेहनत के बाद दोपहर करीब 3 बजे पानी की सप्लाई दोबारा शुरू कराई जा सकी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सभासद सुबह से लेकर दोपहर तक लगातार मौके पर मौजूद रहे और जब तक बिजली व पानी की समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई, तब तक डटे रहे। लोगों ने कहा कि त्योहार के दिन भी जनता की परेशानियों को प्राथमिकता देना उनकी सक्रिय कार्यशैली को दर्शाता है।

क्षेत्रवासियों ने सभासद राशिद अहमद गुड्डू की मेहनत और जनसेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधि ही जनता के सुख-दुख में सच्चे साथी साबित होते हैं।

Post a Comment

0 Comments