पत्रकार मेहरबान अली कैरानवी सम्मानित, सामाजिक सरोकारों को लेकर किया गया सम्मान


कैराना, 31 मई 
मुजफ्फरनगर के प्रसिद्ध मुगल गार्डन में ईद-उल-अजहा के अवसर पर मंसूरी फाउंडेशन परिवार द्वारा एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक, शैक्षिक एवं पत्रकारिता जगत से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस दौरान कैराना के वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं कलम क्रांति धमाका के मुख्य संपादक मेहरबान अली कैरानवी को पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान, राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने तथा जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए सम्मान-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने मेहरबान अली कैरानवी की पत्रकारिता और सामाजिक सेवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि कैरानवी ने हमेशा अपनी लेखनी का उपयोग जनहित, सामाजिक सुधार और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए किया है। उनकी पत्रकारिता क्षेत्रीय स्तर के साथ-साथ व्यापक सामाजिक दायरे में भी सम्मान की दृष्टि से देखी जाती है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद मेहरबान अली कैरानवी ने देशवासियों, विशेषकर मुस्लिम समुदाय को ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग, बलिदान, समर्पण और मानवता का संदेश देती है। समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसी उद्देश्य को लेकर मंसूरी फाउंडेशन परिवार वर्षों से लगातार कार्य कर रहा है।

उन्होंने फाउंडेशन की गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्था शिक्षा के प्रचार-प्रसार, सामाजिक जागरूकता, फिजूलखर्ची पर रोक तथा अनावश्यक सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनचेतना फैलाने का सराहनीय कार्य कर रही है। इसके सकारात्मक परिणाम अब समाज में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने और सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन के लिए आगे आने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुजफ्फरनगर सहित विभिन्न कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों से मंसूरी समाज के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। वक्ताओं ने ईद-उल-अजहा के त्याग और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक सुधार के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

समारोह के अंत में मंसूरी फाउंडेशन परिवार की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कई हस्तियों को सम्मानित किया गया। साथ ही देश की उन्नति, सामाजिक सौहार्द, शांति और भाईचारे की मजबूती के लिए विशेष प्रार्थना भी की गई।

Post a Comment

0 Comments