कैराना : क्षेत्र के गांव में आम रास्ते को लेकर चल रहे विवाद ने तूल पकड़ लिया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बीनड़ा निवासी योगेश चौहान ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया कि पड़ोसी दीपक, विनय और सहेंद्र लंबे समय से उसके पैतृक आम रास्ते पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। विरोध करने पर आरोपी आए दिन गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देते हैं। पीड़ित के अनुसार गत 7 मई को आरोपियो ने कथित रूप से उसके घर के मुख्य गेट को तोड़ने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसके और उसकी पत्नी के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि आरोपियो घर में घुस आए तथा परिवार के अन्य सदस्यों को भी धमकाया। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। इसके बाद गत 16 मई को भी आरोपियो पर आम रास्ते पर अवैध कब्जे के उद्देश्य से दीवार निर्माण का प्रयास करने तथा विरोध करने पर परिवार को धमकाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी लगातार परिवार को भयभीत कर रहे हैं, जिससे वह और उसके परिजन दहशत में हैं।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
----

0 Comments