फाल्ट के बाद ट्रांसफार्मर फुंका, कई घरों की बिजली आपूर्ति ठप




बाबरी गांव के बाबरी-कैडी रोड स्थित मस्जिद के पास शनिवार रात अचानक विद्युत फाल्ट आने से एक ट्रांसफार्मर जल गया, जिससे उससे जुड़े उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। शनिवार रात करीब आठ बजे से क्षेत्र के कई घर अंधेरे में हैं, जिसके चलते लोगों को गर्मी के बीच परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों अमन, शराज, फरमान, शाहनवाज, वारिस, सदाकत, मोनीश आदि ने बताया कि शनिवार रात विद्युत लाइन में अचानक फाल्ट आने के बाद तेज आवाज के साथ ट्रांसफार्मर खराब हो गया। इसके बाद संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। रातभर और रविवार को भी बिजली बहाल नहीं होने से उपभोक्ताओं में चिंता बनी रही।
मामले को लेकर अवर अभियंता बाबरी विद्युत उपकेंद्र श्रीनिवास से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि रविवार को सरकारी अवकाश होने के कारण विभागीय स्टोर बंद रहा, जिसके चलते नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि सोमवार को नया ट्रांसफार्मर प्राप्त होते ही उसे स्थापित कर दिया जाएगा।
अवर अभियंता ने बताया कि विभाग की ओर से आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और नया ट्रांसफार्मर लगने के बाद सोमवार दोपहर तक क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।बिजली आपूर्ति बाधित होने से क्षेत्र के लोगों को पेयजल, घरेलू कार्यों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments