नाली निर्माण के विवाद में जानलेवा हमले का एक आरोपी गिरफ्तार




थाना बाबरी क्षेत्र के ग्राम बुटराड़ा में नाली निर्माण को लेकर हुए विवाद में मिस्त्री पर फावड़े से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस के अनुसार, चार अप्रैल 2026 को ग्राम बुटराड़ा निवासी हरपाल सिंह के घर पर नाली निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान गांव के ही जोनी पुत्र पीतम और पीतम पुत्र रतिराम उर्फ रतिया ने मौके पर पहुंचकर मिस्त्री के साथ मारपीट की और फावड़े से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में हरपाल सिंह की तहरीर पर थाना बाबरी में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बुधवार को संदिग्ध व्यक्ति व वाहन चेकिंग के दौरान थाना बाबरी पुलिस ने वांछित आरोपी पीतम पुत्र रतिराम उर्फ रतिया को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष राहुल सिसोदिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

Post a Comment

0 Comments