दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर बाबरी थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में दिल्ली के शाहदरा निवासी मधुसूदन तिवारी ने बताया कि वह पांच मई की रात करीब 12:15 बजे अपने भाई और अन्य लोगों के साथ वाहन से केदारनाथ यात्रा से वापस दिल्ली लौट रहे थे। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर वाहन से आवाज आने पर उन्होंने गाड़ी सड़क किनारे रोककर जांच शुरू की।
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रक संख्या HR 38 AC 4917 ने उनके वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनका भाई उछलकर करीब 100 मीटर दूर एक्सप्रेसवे पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ मौजूद अन्य लोगों की मदद से घायल को तत्काल मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आरोप है कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। बाबरी थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।

0 Comments