सामाजिक सेवा और फिटनेस जागरूकता में उल्लेखनीय कार्य करने वाली संस्था द्वारा “घरेलू इलाज हर्बल मेडिसिन” पुस्तक के नए संस्करण का लोकार्पण।




     नई दिल्ली, “हरकत में बरकत है”, “जान है तो जहान है” और “तंदुरुस्ती हजार नेमत” जैसे प्रेरणादायक संदेशों को जन-जन तक पहुँचाने वाली, अबुल फ़ज़ल एन्क्लेव स्थित प्रसिद्ध सामाजिक एवं फिटनेस संस्था साइको फिजियो फिटनेस क्लब (पी.पी.एफ. क्लब) ने एक सराहनीय कार्यक्रम का आयोजन किया। वर्ष 2010 में बुजुर्गों और समाजसेवियों द्वारा स्थापित यह संस्था देश और विदेश तक लोगों को स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रही है।
     कार्यक्रम में नई पीढ़ी को मिलावटी खाद्य पदार्थों के दुष्प्रभावों से बचाने, प्राकृतिक जड़ी-बूटियों और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिल्ली यूथ वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा तैयार डॉ. बदरुल इस्लाम कैरानवी की पुस्तक “घरेलू इलाज हर्बल मेडिसिन” के नवीन संस्करण का भव्य लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. ज़ेड. हक़, समाजसेवी एम.ए. अंसारी, जामिया मिल्लिया इस्लामिया के चौधरी ज़ुल्फिकार, आर.डब्ल्यू.ए. अध्यक्ष अनवार साहब, उर्दू डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्ष मौलाना रिज़वान अख्तर क़ासमी, रशीद भाई, नफ़ीस भाई, आसिफ भाई, हामिद अली भाई, नासिर भाई और मेराज सूफ़ी सहित अनेक गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से पुस्तक का विमोचन किया।
     क्लब के वर्तमान अध्यक्ष एवं सेना से सेवानिवृत्त समाजसेवी जनाब एम.ए. अंसारी ने आशा व्यक्त की कि यह पुस्तक नई पीढ़ी, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा स्कूलों के शिक्षकों एवं प्रबंधकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी और क्षेत्र में स्वस्थ एवं प्राकृतिक जीवनशैली का वातावरण तैयार करेगी। उन्होंने बताया कि पी.पी.एफ. क्लब उन युवाओं को प्रमाणपत्र प्रदान करेगा, जो अभिभावकों की देखरेख में तीन माह तक इस पुस्तक में बताए गए किसी औषधीय पौधे की देखभाल और परवरिश में भाग लेंगे।
     आप को यह जानकर प्रसन्नता होगी कि यह संस्था वर्षों से स्पोर्ट्स एक्टिविटी और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के साथ-साथ डॉ. बदरुल इस्लाम कैरानवी के शोध पर आधारित विशेष योगाभ्यास एवं फिटनेस प्रशिक्षण निःशुल्क संचालित करती आ रही है। पिछले तीन वर्षों में संस्था ने दिल्ली के दस हजार से अधिक हाजियों और नमाज़ियों को विशेष लाभकारी फिटनेस एक्सरसाइज सिखाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
     कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि देश के कमजोर और पिछड़े वर्गों को बीमारी, कमजोरी और आलस्य से मुक्त कर स्वस्थ एवं सक्रिय बनाने के लिए ऐसे हजारों फिटनेस क्लबों की आवश्यकता है। एक आदर्श फिटनेस क्लब को निरंतर सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए सभी उपस्थित लोगों ने जनाब एम.ए. अंसारी को दिल से बधाई और शुभकामनाएँ दीं।

Post a Comment

0 Comments