थाना क्षेत्र के बनती खेड़ा फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शामली के गांव कुड़ाना निवासी सचिन कुमार ने थाना बाबरी में दी तहरीर में बताया कि वह 5 अप्रैल को अपने साथी संजीव कुमार के साथ बाइक से बनतीखेड़ा स्थित ईंट-भट्ठे से वापस लौट रहे थे। दोपहर करीब ढाई बजे जैसे ही दोनों बनतीखेड़ा फ्लाईओवर पार कर आगे बढ़े, तभी शामली की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।घायल सचिन कुमार ने बताया कि हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते 18 टांके लगे हैं और सिर का ऑपरेशन भी कराया गया है। वहीं उनके साथी संजीव कुमार का बायां पैर टूट गया, जिनका भी ऑपरेशन किया गया है। दोनों का उपचार निजी अस्पतालों में चल रहा है।
पीड़ित की शिकायत पर थाना बाबरी पुलिस ने कार संख्या UP 15 FC 3066 (टाटा टियागो) के अज्ञात चालक के ख़िलाफ़ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल सिसोदिया ने बताया कि दुर्घटना से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा जल्द ही आरोपी चालक को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments