स्थानीय शेख बिरादरी के गणमान्य लोगों ने बुधवार को उपजिलाधिकारी कैराना को ज्ञापन सौंपकर कब्रिस्तान की बेअदबी, कब्रों के क्षतिग्रस्त होने और हरे-भरे पेड़ों की कटाई में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं, बल्कि क्षेत्र के कानून-व्यवस्था के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करती हैं।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला खेल कलां (इमाम गेट) स्थित कब्रिस्तान की जमीन एक बार फिर विवादों में आ गई है। बताया जाता है कि 5 मई 2026 की सुबह करीब पांच बजे मोहल्ला खेल कलां निवासी साबिर पुत्र सादा और मेराज पुत्र सादा अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ कब्रिस्तान पहुंचे और वहां खड़े नीम, बरगद व पीपल के पेड़ों को काटकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरने लगे। इस दौरान पेड़ गिरने से कई कब्रें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और बिरादरी के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने अवैध हथियार लहराकर जान से मारने की धमकी दी और गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गए। साथ ही कब्रिस्तान की जमीन पर जबरन कब्जा करने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित पक्ष और शेख बिरादरी के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और कब्रिस्तान की जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ज्ञापन देने वालों में शेख जी रियासत अली ताबिश उस्मानी, अंसार सिद्दीकी, सनवर सिद्दीकी, डॉ. मुजतबा हसन, मोहम्मद नदीम, इसरार अहमद, सादिक मोहम्मद, शमीम अहमद और मोहम्मद नासिर के नाम शामिल हैं।

0 Comments