राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जागरूकता रैली निकाली


- जिला जज ने दिखाई हरी झंडी, लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील


कैराना : आगामी 9 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार को लेकर बुधवार को कैराना न्यायालय परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश इन्द्रप्रीत सिंह जोश ने रैली एवं प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जिला जज इन्द्रप्रीत सिंह जोश ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन को त्वरित, सस्ता एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में आपसी सहमति के आधार पर मामलों का निस्तारण होने से लोगों को लंबे समय तक न्यायालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और समय व धन दोनों की बचत होती है। जागरूकता रैली में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, पुलिसकर्मियों एवं न्यायालय कर्मचारियों ने भाग लिया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों एवं बाजारों से होकर गुजरी, जहां लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के लाभों की जानकारी दी गई। प्रचार वाहनों के माध्यम से भी लोगों से अपने लंबित मामलों का निस्तारण कराने हेतु लोक अदालत में पहुंचने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में दीवानी वाद, पारिवारिक विवाद, बैंक ऋण, बिजली बिल, ट्रैफिक चालान, मोटर दुर्घटना दावा सहित विभिन्न मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। इस अवसर पर बार एसोसिएशन कैराना के अध्यक्ष ईशपाल सिंह, महासचिव सर्वेज जंग, कोषाध्यक्ष प्रदीप शर्मा, डीजीसी संजय चौहान, जावेद चौधरी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण मौजूद रहे।

----

Post a Comment

0 Comments