जानलेवा हमले में वांछित पिता-पुत्र समेत पांच आरोपी गिरफ्तार, जेल रवाना


कैराना। कोतवाली पुलिस ने फर्नीचर शोरूम पर पहुंचकर जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित चल रहे पिता-पुत्र समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा है।

विगत 23 अप्रैल को सुहैल निवासी मोहल्ला दरबार खुर्द कस्बा कैराना के पानीपत रोड स्थित रईस फर्नीचर शोरूम पर पहुंचकर अनुज, सोनू, विरेन्द्र, शाकिर, जाबिर व शादाब ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया था, जिसमें सुहैल, रईस व उमेर घायल हो गए थे। आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की भी धमकी दी थी। पीड़ित सुहैल की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया था। एसपी शामली ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को घटना की जांच करके आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही हेतु निर्देशित किया था। इसी क्रम में रविवार को एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत कस्बे की इमामगेट चौकी प्रभारी एसआई जितेंद्र त्यागी ने मुखबिर की सूचना पर नगर की तीतरवाड़ा चुंगी के निकट पानीपत मार्ग पर स्थित गुरु रतिराम फर्नीचर हाउस से जानलेवा हमले में नामजद आरोपी अनुज व विरेन्द्र निवासीगण ग्राम जसाला थाना कांधला, साकिर व जाबिर निवासीगण मोहल्ला आलकलां कस्बा कैराना तथा शादाब निवासी मोहल्ला पीरजादगान कस्बा कैराना को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पकड़े गए सभी आरोपियों को चालान करके जेल भेज दिया।

Post a Comment

0 Comments