कैराना। जिला आपूर्ति विभाग, एसओजी, सर्विलांस व कांधला पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए हरियाणा के सोनीपत से कालाबाजारी करके लाए गए अपमिश्रित पेट्रोलियम पदार्थ डीजल की बिक्री के आरोप में कैराना के कांधला मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप को सीज कर दिया है। मामले में पेट्रोल पंप प्रबंधक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पेट्रोल पंप स्वामी समेत तीन आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पकड़े गए मैनेजर ने पूछताछ में बताया कि पेट्रोल पंप के मालिक रिजवान व परवेज निवासीगण मोहल्ला छड़ियान कस्बा कैराना निवासी है।
शुक्रवार रात्रि जिला पूर्ति अधिकारी शामली को सूचना मिली कि सफेद रंग की पिकअप गाड़ी से कुछ लोग अवैध मुनाफा कमाने के लिए डीजल व पेट्रोल की कालाबाजारी कर रहे है। यह गाडी कैराना में तेल उतारने के बाद कांधला की ओर जायेगी। इस पर जिला पूर्ति अधिकारी अंकुर यादव, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुन्द्रियाल, आपूर्ति निरीक्षक कैराना मदनपाल सिंह, आपूर्ति निरीक्षक कांधला शौदान सिंह व प्रदीप कुमार, आपूर्ति निरीक्षक योगेश कुमार, कांधला थानाध्यक्ष सतीश कुमार, एसओजी प्रभारी कुलदीप सिंह, सर्विलांस प्रभारी कर्मवीर सिंह पुलिस टीम के साथ में कैराना-कांधला मार्ग पर स्थित जिड़ाना पुलिया पर पहुंचे। कुछ समय पश्चात कैराना की ओर से पिकअप गाडी आती दिखाई दी, जिसे टीम के द्वारा रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान गाडी से प्लास्टिक के तीन बडे ड्रम, तीन कैन व ड्रम से तेल निकालने वाली मशीन, कीप, प्लास्टिक का पाइप आदि सामान बरामद हुआ। ड्रमों व कैनों में कुल 750 लीटर अपमिश्रित पेट्रोलियम पदार्थ डीजल पाया गया। पिकअप गाडी में मौजूद व्यक्तियों ने अपना नाम व पता राहुल निवासी ग्राम धनौरा थाना बिनौली जनपद बागपत, राजन निवासी ग्राम दुलैरा थाना शाहपुर जनपद मुजफ्फरनगर व अशोक निवासी ग्राम जगदीशपुर थाना राई जिला सोनीपत हरियाणा बताया। आरोपियों ने कड़ाई से पूछताछ करने पर बताया कि हरियाणा के जनपद सोनीपत के ग्राम असौदा के निकट तेल का डिपो स्थित है। वहां हाईवे पर कुछ होटल है, जो चोरी का तेल सस्ते में खरीदते है। वह तीनों अपने साथी मोहित निवासी ग्राम धनौरा थाना बिनौली जनपद बागपत के साथ मिलकर इन होटलो से सस्ते में तेल खरीदते है तथा उस तेल में थिनर मिलाकर कैराना के कांधला मार्ग पर स्थित स्टार फिलिंग स्टेशन पर बेचते है। तेल के पैसे का लेनदेन उनका साथी मोहित करता है। मुनाफे के पैसे को वह आपस में बांट लेते है। आरोपियों ने बताया कि वह पांच बैरल तेल कुछ देर पहले स्टार फिलिंग स्टेशन कैराना पर बेचकर आए है। वह पहले भी कई बार इस पेट्रोल पंप पर तेल बेच चुके है। टीम तीनों आरोपियों को लेकर कस्बा कैराना में मीट फैक्ट्री के सामने स्थित स्टार फिलिंग स्टेशन पर पहुंची। जहां पर पेट्रोल पंप प्रबंधक मुजम्मिल निवासी मोहल्ला शेखबद्दा कस्बा कैराना मौजूद मिला। उसने टीम को देखकर मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन सिपाहियों ने उसे पकड़ लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पेट्रोल पंप से प्लास्टिक के पांच नीले ड्रम बरामद हुए, जिनमें से 02 खाली व 03 भरे हुए थे। इनमें करीब 600 लीटर अपमिश्रित पेट्रोलियम पदार्थ डीजल भरा पाया गया। पकड़े गए मैनेजर ने पूछताछ में बताया कि पेट्रोल पंप के मालिक रिजवान व परवेज निवासीगण मोहल्ला छड़ियान कस्बा कैराना है। उनके कहने पर ही उसने इन लोगो से पांच ड्रम अपमिश्रित तेल लिया था, जिनमें से 02 ड्रम तेल बिक चुका है और 03 शेष है। वह और पेट्रोल पंप स्वामी अधिक मुनाफा कमाने के लिए अपमिश्रित तेल को खरीदकर धोखाधडी से ग्राहकों को बेचते है। इसके बाद, आपूर्ति विभाग की टीम ने पेट्रोल पंप को सीज कर दिया, जबकि चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। जिला पूर्ति अधिकारी ने डीएम के अनुमोदन के पश्चात आरोपियों के विरुद्ध कांधला कोतवाली पर सम्बंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं, एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तेल की कालाबाजारी व बिक्री में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पेट्रोल पंप स्वामियों व अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस टीम गठित की गई है, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।

0 Comments