कैराना व आसपास ईद-उल-अजहा हर्षोल्लास के साथ मनाई गई


कैराना, 29 मई। कैराना एवं आसपास के क्षेत्रों में ईद-उल-अजहा का पर्व धार्मिक उत्साह, भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। ईदगाहों, मस्जिदों और मदरसों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा कर देश व दुनिया में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।

कैराना ईदगाह में जामा मस्जिद के इमाम व खतीब मौलाना मौलाना मोहम्मद ताहिर ने ईद की नमाज अदा कराई। उन्होंने अपने बयान में कहा कि ईद-उल-अजहा हजरत इब्राहीम और हजरत इस्माइल की कुर्बानी की याद दिलाती है। यह पर्व त्याग, समर्पण और अल्लाह की राह में कुर्बानी देने का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की।

वहीं, पानीपत रोड स्थित मदरसा इशाअतुल इस्लाम में मौलाना बरकतुल्लाह अमीनी ने नमाज अदा कराई। उन्होंने कहा कि कुर्बानी का असली उद्देश्य इंसान के दिल में अल्लाह का डर और बंदगी का जज्बा पैदा करना है।

इस दौरान मौलाना जकरिया ने भी तकरीर करते हुए कहा कि ईद-उल-अजहा केवल त्योहार नहीं, बल्कि अपनी इच्छाओं और अहंकार को अल्लाह के हुक्म के आगे झुकाने का पैगाम है। उन्होंने नमाज की पाबंदी, माता-पिता की सेवा और आपसी मोहब्बत को मजबूत करने पर जोर दिया।

नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। पूरे क्षेत्र में त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

Post a Comment

0 Comments