अवर अभियंता मारपीट प्रकरण में तीन आरोपी गिरफ्तार



कैराना : बिजली विभाग के अवर अभियंता के साथ मारपीट, जानलेवा हमला और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियो को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं शेष आरोपियो की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

गत गुरुवार की सुबह 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पावटी कलां में तैनात अवर अभियंता प्रेम सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि वह गोगवान में खराब विद्युत आपूर्ति को सुचारु कराने के लिए गए थे। ट्रांसफार्मर की मरम्मत कर लौटते समय झिंझाना-कैराना मार्ग पर कुछ लोगों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोप है कि आरोपियो ने उनके साथ मारपीट की तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया था। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला एवं क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में आरोपियो की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया।
कोतवाली प्रभारी समयपाल अत्री के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव गोगवान में ताबड़तोड़ दबिश दी और तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियो में असलम पुत्र मिन्ना उर्फ यामीन, मूसाहिद पुत्र अय्यूब तथा अय्यूब पुत्र यामीन उर्फ मिन्ना निवासी ग्राम गोगवान शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपितो की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही शेष आरोपितो को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 
---

Post a Comment

0 Comments