कैराना कस्बे में सामाजिक जागरूकता और मानवीय संवेदनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सर्व समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मृत्यु भोज जैसी परंपरा का विरोध करते हुए इसे समाप्त करने का संकल्प लिया गया। बैठक में उपस्थित लोगों ने हाथ उठाकर इस सामाजिक मुहिम का समर्थन किया और भविष्य में मृत्यु भोज में शामिल न होकर केवल शोकसभा में पहुंचकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करने का निर्णय लिया।
इस अवसर पर सभासद शुगन मित्तल ने भी सर्व समाज के सामने भावुक अपील करते हुए कहा कि मृत्यु के दुखद समय में परिवार पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डालना उचित नहीं है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस पुरानी प्रथा को समाप्त करने तथा समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का आग्रह किया।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अब केवल मेहमानों एवं ब्रह्म भोज की सीमित व्यवस्था रखी जाएगी तथा फिजूलखर्ची से बचते हुए सामाजिक सहयोग और संवेदनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
सर्व समाज के लोगों ने इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेते हुए कहा कि यह पहल समाज में नई जागरूकता और सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करेगी। लोगों से अपील की गई कि वे इस मुहिम को आगे बढ़ाएं और समाज सुधार में अपनी भागीदारी निभाएं।

0 Comments