कैराना। कैराना से जनपद रामपुर के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू होने से यात्रियों में खुशी का माहौल है। लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने के बाद अब लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। खासकर नौकरीपेशा युवाओं, छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को इसका लाभ मिलेगा।
जानकारी के अनुसार “निरन्तर तत्पर सामाजिक संगठन” द्वारा सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रामपुर डिपो से रामपुर से कैराना तक वाया मुरादाबाद, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और शामली बस सेवा शुरू करने की मांग की गई थी। इसके बाद 15 अप्रैल को रामपुर डिपो प्रभारी ने संबंधित अधिकारियों को किराया सूची तैयार कर बस संचालन शुरू करने के निर्देश दिए थे।
पिछले सप्ताह से बस सेवा शुरू कर दी गई थी, जबकि अब इसका समय भी निर्धारित कर दिया गया है। तय समय के अनुसार बस सुबह 7:30 बजे रामपुर से रवाना होकर 8:30 बजे मुरादाबाद, 11 बजे बिजनौर, दोपहर 1 बजे मुजफ्फरनगर होते हुए 2:45 बजे कैराना पहुंचेगी। वहीं, वापसी में बस शाम 3:45 बजे कैराना से चलकर 5:30 बजे मुजफ्फरनगर, 7:20 बजे बिजनौर, 9:30 बजे मुरादाबाद और रात 10:15 बजे रामपुर पहुंचेगी।
रोडवेज विभाग द्वारा किराया भी निर्धारित कर दिया गया है। कैराना से मुजफ्फरनगर का किराया 93 रुपये, जानसठ 122 रुपये, मीरापुर 146 रुपये, बिजनौर 182 रुपये, नूरपुर 238 रुपये, मुरादाबाद 312 रुपये तथा रामपुर का किराया 365 रुपये तय किया गया है।
संगठन के अध्यक्ष शमून उस्मानी ने बताया कि इस बस सेवा से मुरादाबाद क्षेत्र में पुलिस एवं शिक्षा विभाग में कार्यरत युवाओं को विशेष सुविधा मिलेगी। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र पड़ने पर अभ्यर्थियों को अब आने-जाने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सीधी बस सेवा शुरू होने से यात्रियों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी।
बस सेवा शुरू किए जाने पर संगठन की ओर से रामपुर डिपो प्रशासन का आभार व्यक्त किया गया है।

0 Comments