भाज्जू चौकी के पास अज्ञात कार की टक्कर से परिवार के तीन लोग घायल, महिला गंभीर


 थाना क्षेत्र के गांव गोगवान जलालपुर निवासी एक परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया। भाज्जू चौराहे के पास चौकी के निकट अज्ञात कार की टक्कर से बाइक सवार परिवार के तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। मामले में पीड़ित की तहरीर पर बाबरी थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित महेश निवासी गोगवान जलालपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 मई को उसका भाई सुनील, भाभी भावना और भतीजा बाइक से सरधना से गांव लौट रहे थे। जब वे भाज्जू चौराहे के पास पहुंचे तो चौकी के निकट एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों घायल हो गए। महिला भावना को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए पानीपत के एक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। 
परिजनों के अनुसार, हादसे के बाद घायलों के उपचार में व्यस्त रहने के कारण तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई जा सकी। उपचार और देखभाल के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर अज्ञात चालक के खिलाफ शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 
थाना बाबरी प्रभारी निरीक्षक राहुल सिसोदिया का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments