नीट परीक्षा पेपर लीक मामला: कैराना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोरदार प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ नारेबाजी



कैराना, 15 मई 
देशभर में चर्चा में चल रहे नीट (NEET) परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले को लेकर गुरुवार को कैराना के बाईपास रामड़ा चौराहे और गांव सिंगरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए।

यह प्रदर्शन प्रदेश अध्यक्ष श्री पारस शुक्ला एवं राष्ट्रीय सचिव एवं पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रभारी विशाल चौधरी जी के निर्देश के अनुसार आयोजित किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व शामली जिला युवा कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष सलमान राणा, युवा प्रदेश महासचिव अश्विनी शर्मा, पूर्व प्रदेश सचिव युवा कांग्रेस मुस्तकीम मल्हा, जिला उपाध्यक्ष नासिर गुर्जर और जिला प्रवक्ता जुनैद चौधरी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि नीट जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परीक्षा में पेपर लीक होना लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है और यह एक गंभीर आपराधिक साजिश की ओर संकेत करता है।

वक्ताओं ने कहा कि हाल के दिनों में सामने आई जानकारी ने पूरे देश में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) इस मामले की जांच कर रही है और कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। साथ ही जांच में यह भी सामने आया है कि एक संगठित गिरोह द्वारा प्रश्न पत्र मोटी रकम लेकर बेचा गया, जिसकी कीमत लाखों रुपये तक बताई जा रही है।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मांग की कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और प्रभावित छात्रों को न्याय दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

गौरतलब है कि नीट 2026 पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्रों, अभिभावकों और राजनीतिक दलों में भारी नाराजगी है, और विभिन्न राज्यों में विरोध प्रदर्शन लगातार जारी हैं।

Post a Comment

0 Comments