आंधी-तूफान और बारिश से चरमराई बिजली व्यवस्था, कई पोल टूटे, दो ट्रांसफार्मर गिरे।


बाबरी क्षेत्र में देर रात आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने जनजीवन के साथ बिजली व्यवस्था को भी बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के कारण करौदा हाथी और कैडी बिजलीघर क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के पोल उखड़ गए, जबकि दो ट्रांसफार्मर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गए। इसके चलते रात करीब नौ बजे से क्षेत्र के अधिकांश गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
आंधी और तेज बारिश के कारण बाबरी-करौदा मार्ग सहित कई स्थानों पर पेड़ टूटकर सड़कों पर गिर गए, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार संस्कृति इंटरनेशनल स्कूल के पास तेज आंधी के दौरान बिजली का पोल उखड़कर गिर गया, जिससे वहां स्थापित ट्रांसफार्मर भी नीचे आ गिरा। वहीं गांव फतेहपुर में भी ट्रांसफार्मर गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसके अलावा एलटी लाइन के करीब 25 पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि बाबरी-करौदा मार्ग पर 33 हजार केवी लाइन के कई पोल टूटकर खेतों में जा गिरे। इससे बिजली विभाग को भारी नुकसान हुआ है।
अचानक बिजली आपूर्ति ठप होने से क्षेत्रवासियों को रातभर परेशानियों का सामना करना पड़ा। गर्मी और उमस के बीच लोगों की नींद उड़ी रही। बिजली न होने से सुबह पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रही। घरेलू कार्यों के साथ किसानों, छात्रों और छोटे कारोबारियों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
सुबह होते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पोल, लाइनों एवं ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कराया। विभागीय कर्मचारी दिनभर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटे रहे।
करौदा हाथी एवं कैडी बिजलीघर के अवर अभियंता श्रीनिवास ने बताया कि देर रात आए आंधी-तूफान और बारिश के कारण दो ट्रांसफार्मर गिर गए हैं तथा कई स्थानों पर 33 हजार लाइन और एलटी लाइन के पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। विभागीय टीमें लगातार मरम्मत कार्य कर रही हैं और प्रयास है कि शाम तक बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी जाए।
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से जल्द आपूर्ति बहाल करने और मार्गों से गिरे पेड़ हटवाने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Post a Comment

0 Comments