कैराना : नगर के मोहल्ला आलदरमियान में गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। एक विवाहिता द्वारा आत्महत्या के प्रयास के दौरान कमरे में उठे धुएं से दम घुटने पर उसकी दो मासूम बेटियों की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद मोहल्ले में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार मुहल्ला आलदरमियान निवासी करीब 30 वर्षीय अनीता ने सुबह करीब ग्यारह बजे घर के कमरे में जाकर पहले पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी। इसके बाद उसने कमरे में रखी प्लास्टिक की रस्सियों से बनी खाट पर बैठकर खुद को आग लगा ली। आग लगते ही कमरे में धुआं भर गया। उस समय कमरे में उसकी करीब दस वर्षीय बेटी तथा डेढ़ वर्षीय पुत्री जसप्रीत मौजूद थीं। धुएं के कारण दोनों मासूमों का दम घुट गया। चीख-पुकार और धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मोहल्लेवासियों ने तत्काल डायल-112 पुलिस और महिला के पति जस्सी को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से झुलसी महिला और दोनों बच्चियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से झुलसी अनीता का उपचार जारी है। बताया गया है कि अनीता की करीब चार वर्ष पूर्व जसपेंदर उर्फ जस्सी के साथ दूसरी शादी हुई थी। अनीता की पहली शादी हरियाणा के पानीपत में हुई थी, जिससे उसकी एक बेटी थी, जिसकी इस हादसे में मौत हो गई। वहीं जस्सी की पहली पत्नी की भी पूर्व में मृत्यु हो चुकी है। पहली पत्नी से उसके एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना के समय बेटा स्कूल गया हुआ था, जबकि बेटी अपने मामा के घर पर रह रही थी। अनीता और जस्सी की दूसरी शादी से डेढ़ वर्षीय पुत्री जसप्रीत हुई थी, जिसकी भी हादसे में मौत हो गई। स्वजन के अनुसार जसपेंदर उर्फ जस्सी पानीपत में अनाज मंडी में रेड ठेले पर फल-सब्जी बेचने का काम करता है और वह रोजाना की तरह सुबह करीब चार बजे काम पर निकल गया था। घटना के समय अनीता की सास पड़ोस में गई हुई थी।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। बाद में क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार ने भी अस्पताल पहुंचकर महिला का हाल जाना तथा घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने महिला की सास ईश्वरी से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटाई।
पुलिस आत्महत्या के प्रयास, पारिवारिक विवाद समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

0 Comments