कैराना कॉलेज में आंतरिक परीक्षा में गड़बड़ी, एबीवीपी ने सौंपा ज्ञापन



कैराना : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने विजय सिंह पथिक महाविद्यालय, कैराना में बीए 5वें सेमेस्टर के छात्रों की आंतरिक परीक्षा में हुई गंभीर त्रुटि को लेकर महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ ज्ञापन सौंपा।


ज्ञापन में परिषद ने आरोप लगाया कि महाविद्यालय प्रशासन द्वारा बिना किसी ठोस कारण के सभी छात्रों को आंतरिक परीक्षा में अनुपस्थित दर्शा दिया गया। इसके चलते अधिकांश छात्रों का परीक्षा परिणाम प्रभावित हुआ है और कई छात्रों को असफल घोषित कर दिया गया है।
परिषद ने इस कार्रवाई को निंदनीय, अन्यायपूर्ण बताते हुए छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करार दिया है। विभाग संयोजक आकाश भारती ने कहा कि यदि जल्द ही इस त्रुटि को सुधारकर छात्रों के परिणाम संशोधित नहीं किए गए, तो विद्यार्थी परिषद आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर सह मंत्री हर्षित सैनी, कार्यकर्ता गौरव, सौरव जिंदल, कपिल और नितिन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं, नगर मंत्री वंश कुमार ने बताया कि परिषद इस मामले को गंभीरता से ले रही है और छात्रों को न्याय दिलाने के लिए निरंतर प्रयास जारी है। परिषद ने महाविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि त्रुटि को तत्काल सुधारते हुए सही उपस्थिति दर्ज की जाए और प्रभावित छात्रों के परिणाम में आवश्यक संशोधन किया जाए, ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके।

----

Post a Comment

0 Comments