थाना बाबरी क्षेत्र के गांव खानपुर में गुरुवार को मिशन शक्ति फेस 5.0 के अंतर्गत जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को नए आपराधिक कानूनों, साइबर अपराध और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया।
अभियान के तहत टीम ने महिलाओं को “दण्ड से न्याय की ओर” की अवधारणा समझाते हुए बताया कि नए आपराधिक कानूनों का उद्देश्य महिलाओं को अधिक सुरक्षा और सशक्तिकरण प्रदान करना है। साथ ही साइबर क्राइम, धोखाधड़ी, छेड़खानी और बाल अपराध जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि महिलाएं सतर्क रहकर इनसे बचाव कर सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई, जिनमें 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और 108 एंबुलेंस सेवा शामिल हैं। टीम ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों का उपयोग कर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है।
इसके अलावा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं जैसे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, समूह विवाह योजना और ऑपरेशन सवेरा के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
मिशन शक्ति टीम ने कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियान का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सचेत करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

0 Comments