कैराना। कैराना कोतवाली में नवनिर्मित डिजिटल मालखाने का एसपी नरेन्द्र प्रताप सिंह ने फीता काटकर लोकार्पण किया है। उन्होंने कहा कि मालखाने के डिजिटल होने से जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता व तेजी आएगी। साथ ही, जब्त किए गए सामान का विवरण एक क्लिक में स्क्रीन पर उपलब्ध होगा और रिकार्ड को ढूंढना आसान होगा।
गुरुवार को एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह कैराना पहुंचे। जहां पर उन्होंने कोतवाली परिसर में नवनिर्मित डिजिटल मालखाने का फीता काटकर उद्घाटन किया। इससे पूर्व, पंडित मनोज नौटियाल के द्वारा पवित्र मंत्रों का उच्चारण करते हुए उद्घाटन की प्रक्रिया को विधि-विधान से पूरा कराया गया। एसपी ने उद्घाटन के पश्चात नवनिर्मित ई-मालखाने का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने मालखाने में बेतरतीब ढंग से लगाए गए रिकार्ड रजिस्टरों के लिए माल मोहर्रिर संजीत सिंह की प्रशंसा की। एसपी ने बताया कि वेंडर को हायर करके कैराना कोतवाली में ई-मालखाने का निर्माण कराया गया है। यह सुविधा वादों से सम्बंधित साक्ष्यों की वैज्ञानिक व सुरक्षित ढंग से भंडारण और त्वरित जानकारी प्राप्त करने के लिए क्यूआर कोड आधारित प्रणाली से जुड़ी है। इससे जांच अधिकारी को साक्ष्यों से जुड़ी जानकारी तुरंत उपलब्ध होगी तथा जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता व तेजी आएगी। मालखाने में रखे प्रत्येक रिकार्ड के सामने एक क्यूआर कोड स्थापित किया गया है, जिसे टैब अथवा मोबाइल की सहायता से स्कैन करते ही वर्षवार तथा मालवार विवरण स्क्रीन पर उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि जनपद के प्रत्येक थानों में स्थित मालखानों को डिजिटल बनाए जाने की दिशा में कार्य चल रहा है। शीघ्र ही जिले के सभी मालखाने डिजिटल होंगे। एसपी ने बताया कि पहले कोई भी माल मोहर्रिर मालखानों का चार्ज लेने से डरता था, क्योंकि माल गायब होने पर उसे मुकदमा झेलना पड़ता था। मालखानों के डिजिटल होने से जब्त किए गए माल के रख-रखाव व ढूंढने में आसानी होगी। इससे न्यायालयों में विचाराधीन प्रक्रिया के आगे बढ़ने में सहयोग मिलेगा और जांच में पारदर्शिता आएगी। इस अवसर पर एएसपी सुमित शुक्ला, सीओ सदर जितेंद्र कुमार, सीओ कैराना हेमंत कुमार, सीओ ट्रैफिक श्यामसिंह,
वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी शैली भारद्वाज, अभियोजन अधिकारी उतेश कुमार जौहरी
सहायक अभियोजन अधिकारी श्रीचंद, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैराना समयपाल अत्री, सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सचिन शर्मा, झिंझाना थानाध्यक्ष वीरेंद्र कसाना, आदर्शमण्डी थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह, अपराध निरीक्षक योगेंद्र सिंह, एसएसआई वरुण कुमार, एसआई गौरव चौहान आदि मौजूद रहे।

0 Comments