तीन दिन से गैस आपूर्ति ठप, उपभोक्ता बेहाल—घंटों लाइन में लगने के बाद भी लौट रहे खाली हाथ



क्षेत्र के गांव बाबरी स्थित भारत गैस एजेंसी पर पिछले तीन दिनों से रसोई गैस की आपूर्ति बाधित होने से उपभोक्ताओं की परेशानी चरम पर पहुंच गई है। हालात ऐसे हैं कि लोग सुबह तड़के 6 बजे से ही एजेंसी के बाहर लाइन में लग जाते हैं, लेकिन गैस नहीं आने की सूचना के बाद उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, एजेंसी पर अंतिम बार 15 अप्रैल को करीब 180 सिलेंडरों की खेप पहुंची थी, जिसका वितरण उसी दिन सुचारू रूप से कर दिया गया था। इसके बाद से अब तक गैस की एक भी गाड़ी नहीं पहुंची है, जिससे उपभोक्ताओं की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।
शनिवार, 18 अप्रैल को भी सुबह से ही सैकड़ों उपभोक्ता गैस लेने के लिए एजेंसी पर पहुंचे और लंबी कतारों में खड़े रहे। कई घंटों तक इंतजार करने के बाद जब उन्हें गैस न आने की जानकारी मिली तो मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस की कमी के कारण उनके घरों का दैनिक कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो रहा है और वैकल्पिक इंतजाम करना भी आसान नहीं है।
एजेंसी प्रबंधक अंकित कुमार ने बताया कि पिछले तीन दिनों से गैस की गाड़ी नहीं पहुंचने के कारण स्थिति गंभीर हो गई है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन करीब 150 से 200 नई बुकिंग हो रही हैं, जिससे कुल लंबित बुकिंग की संख्या बढ़कर लगभग 1000 तक पहुंच गई है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही बड़ी खेप नहीं पहुंची तो एजेंसी पर उपभोक्ताओं की भीड़ और अधिक बढ़ सकती है।
गैस संकट का सबसे अधिक असर महिलाओं और बुजुर्गों पर पड़ रहा है, जिन्हें बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द गैस आपूर्ति को सुचारू कराया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
लगातार बाधित हो रही गैस आपूर्ति ने क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की निगाहें अगली गैस खेप पर टिकी हैं, जिससे स्थिति सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Post a Comment

0 Comments