ट्यूबवेल पर जुआ खेलते दो युवक गिरफ्तार


थाना बाबरी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ट्यूबवेल के पास जुआ खेल रहे दो युवकों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मौके से नकदी और ताश की गड्डी भी बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम गश्त के दौरान सूचना मिली कि गांव बुटराड़ा क्षेत्र में लोई नहर पटरी के पास स्थित एक ट्यूबवेल पर कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपए लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी।
छापेमारी के दौरान दो युवक ताश के पत्तों पर दांव लगाते हुए पकड़े गए। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 550 रुपये नकद और ताश की गड्डी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रविश उर्फ राजा पुत्र महताब और सूरज पुत्र बाबूराम निवासी ग्राम बुटराड़ा, थाना बाबरी, जनपद शामली बताए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। साथ ही बरामद नकदी और ताश के पत्तों को कब्जे में लेकर सील कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल सिसोदिया ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments