कैराना में धूमधाम व हर्षोल्लास से निकाली गई बालाजी शोभायात्रा




कैराना। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर श्री बालाजी शोभायात्रा कस्बे में धूमधाम व हर्षोल्लास से निकाली गई, जिसका शुभारंभ डीएम अरविंद कुमार चौहान व एसपी नरेन्द्र प्रताप सिंह ने रिबन काटकर किया। इस दौरान श्रीहनुमान सेवा समिति की ओर से अधिकारियों को रामदरबार व हनुमानजी की प्रतिमा भेंट करके तथा पुष्प-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया।

विगत वर्षों की भांति इस साल भी शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर नगर में भव्य बालाजी शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ डीएम अरविंद कुमार चौहान व एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने रिबन काटकर किया। उन्होंने बालाजी की पूजा-अर्चना व आरती में भी प्रतिभाग किया। इस दौरान श्री हनुमान सेवा समिति की ओर से डीएम व एसपी के अलावा एसडीएम कैराना निधि भारद्वाज, सीओ हेमंत कुमार व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री को रामदरबार व हनुमान प्रतिमा भेंट करके व पुष्प-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। शोभायात्रा नगर के प्राचीन सिद्वपीठ बाबा बनखंडी महादेव मंदिर परिसर से आरंभ होकर चौक बाजार, बेगमपुरा, जोड़वा कुआं, निर्मल चौराहा, जामा मस्जिद, यावर हॉस्पिटल, पट्टोवाला, मोहल्ला गुम्बद, शामली रोड व टीचर्स कॉलोनी से होते हुए गुजरी। नगरवासी रथ में सवार बालाजी के दर्शनों के लिए उतावले नजर आए। शोभायात्रा में शिव-पार्वती, रामदरबार, श्रीरामचन्द्र परिवार, खाटूश्याम, दुर्गा माता, भारत माता, शनिदेव, राधा-कृष्ण समेत अनेकों देवी-देवताओं की आकर्षक झांकी शामिल रही। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु भगवान बालाजी के सुंदर भजनों की धुन पर झूमते नजर आए। एक, दो, तीन, चार...बालाजी की जय जयकार के जयघोष से नगर की गलियां गूंज उठी। नगर के श्रद्धालुओं ने जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्प-वर्षा करके स्वागत किया। श्रद्धालुओं की ओर से विभिन्न स्थानों पर स्टॉल लगाकर प्रसाद वितरित किया गया। इससे पूर्व बालाजी के सारथी व सेवादार की बोली लगाई गई, जिसमें बालाजी के सारथी की बोली ढाई लाख रुपये में अतुल वर्मा ने छुड़वाई। जबकि सेवादार की बोली 09 लाख रुपये में उनके भाई राजू वर्मा के नाम से छोड़ी गई। दोनों भाई कस्बे में काका कपड़े वाले के नाम से मशहूर है। शोभायात्रा मार्ग पर नगरपालिका परिषद कैराना की ओर से विशेष साफ-सफाई कराई गई थी। वहीं, सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री, इमामगेट चौकी प्रभारी एसआई गौरव चौहान भारी पुलिस बल के साथ में मुस्तैद रहे। इस अवसर पर कोमल राज मित्तल, प्रमोद गोयल, अभिषेक गोयल, शगुन मित्तल, आलोक गर्ग, आशु गर्ग, दीपांशु गर्ग, राकेश उर्फ सपरेटा, अमित मास्टर, राजू, संजू, सुशील आदि मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments