मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत सोमवार को थाना बाबरी की मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम द्वारा कस्बा बाबरी में जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को नए आपराधिक कानूनों, उनकी सुरक्षा से जुड़े अधिकारों और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया।
टीम ने “दंड से न्याय की ओर” की अवधारणा को समझाते हुए बताया कि नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से महिलाओं को अधिक सुरक्षा और सशक्तिकरण मिलेगा। इस दौरान साइबर क्राइम, ऑनलाइन धोखाधड़ी, छेड़खानी और बाल अपराध जैसे संवेदनशील विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई और उनसे बचाव के उपाय बताए गए।
अभियान के दौरान महिलाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और 108 एंबुलेंस सेवा शामिल हैं। टीम ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों का उपयोग कर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है।
इसके साथ ही सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना और ऑपरेशन सवेरा के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सतर्क रहने, आत्मविश्वास बढ़ाने और किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की तुरंत सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।

0 Comments