यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की सख्ती, 16 वाहनों के चालान


कस्बा बाबरी में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। थाना बाबरी के सामने सीसी टीम द्वारा विशेष वाहन चेकिंग के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों पर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग न करने, मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने और अन्य यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों को चिन्हित किया गया।
जांच में खामियां मिलने पर कुल 16 वाहनों के चालान काटे गए। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा और कई लोगों को मौके पर ही नियमों का पालन करने की नसीहत दी गई।
पुलिस अधिकारी राकेश भड़ाना ने कहा कि सड़क पर लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा वाहनों में अवैध संशोधन से बचें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों के पालन को लेकर इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Post a Comment

0 Comments