थाना क्षेत्र के गांव बनती खेड़ा निवासी एक युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार बनती खेड़ा निवासी शुभम 25 वर्ष पुत्र कालू देर रात रुड़की से अपने घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि वह रुड़की के एक निजी वेलनेस अस्पताल में कार्यरत था और सोमवार को मुजफ्फरनगर में आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आ रहा था।
इसी दौरान बघरा और तितावी के बीच रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शुभम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को मृत अवस्था में सड़क पर पड़ा पाया। पुलिस ने तत्काल परिजनों को हादसे की सूचना दी, जिसके बाद परिवार के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।मृतक शुभम के अलावा तीन बहन और एक छोटा भाई है।उसकी तीनों बहनों की शादी हो चुकी हैं। जबकि वह अविवाहित था। उसका एक छोटा भाई अभी पढ़ाई कर रहा है। शुभम की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपी वाहन चालक को जल्द पकड़ने की मांग की है।

0 Comments