भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर निकाली भव्य शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा गांव



थाना क्षेत्र के गांव भदौड़ा में रविवार को भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गांव के नए शिव मंदिर से शुरू हुई यह शोभायात्रा जाहरवीर गोगा म्हाड़ी, प्राइमरी स्कूल, होली चौक, बस स्टैंड सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौराहों से होकर गुजरी और अंत में पुनः शिव मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा के दौरान पूरे गांव का माहौल भक्तिमय बना रहा। जगह-जगह ग्रामीणों और महिलाओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ भगवान परशुराम के प्रति अपनी आस्था प्रकट की, जिससे वातावरण पूरी तरह धर्ममय हो उठा।
कार्यक्रम में परशुराम सेवा समिति के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर सागर शर्मा, प्रियांश शर्मा, गौरव शर्मा, सन्नी शर्मा, दीपक शर्मा, नितिन शर्मा, मनोज शर्मा सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे। इसके अलावा ग्राम प्रधान सुरेंद्र शर्मा, संजय शर्मा, योगेश शर्मा, पूर्व प्रधान अमित शर्मा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।

Post a Comment

0 Comments