प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाबरी में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों और कस्बावासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। मेले का उद्देश्य लोगों को उनके क्षेत्र में ही प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा, ताकि सामान्य बीमारियों के लिए उन्हें दूरस्थ अस्पतालों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मेले के दौरान कुल 45 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें खांसी, जुकाम व वायरल फीवर से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही। चिकित्सकों ने बताया कि छह मरीजों में बुखार के लक्षण पाए गए, जबकि पांच मरीज त्वचा रोग (खाज-खुजली) से ग्रस्त मिले। इसके अलावा पांच गर्भवती महिलाओं की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श व दवाएं दी गईं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से पांच मरीजों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए, जबकि चार अन्य लोगों की सामान्य जांच की गई। साथ ही पांच लोगों की टीबी जांच भी कराई गई।
महिला स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं को विशेष देखभाल, संतुलित आहार और नियमित जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। मेले में आए सभी मरीजों को जांच के बाद नि:शुल्क दवाएं वितरित की गईं।

0 Comments