भव्य बालाजी शोभायात्रा की तैयारियां पूरी, कल होगा आयोजन



कैराना : कैराना में शनिवार को निकलने वाली भव्य बालाजी शोभायात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगर में आयोजन को लेकर उत्सव का माहौल बना हुआ है और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।


शोभायात्रा में विभिन्न धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इनमें हनुमान जी, गणेश जी, श्रीकृष्ण, लक्ष्मी नारायण, राधा-कृष्ण, भोलेनाथ, दुर्गा माता एवं दस अवतार से संबंधित झांकियां शामिल होंगी। इसके अलावा तितली नृत्य, शिव तांडव, खाटू श्याम जी की प्रस्तुति, किन्नर नृत्य और बाबा दरबार नृत्य जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
शोभायात्रा में विभिन्न बैंड एवं डीजे ग्रुप भी शामिल रहेंगे, जिनमें उज्ज्वल बैंड, भोलेनाथ बैंड और जिया बैंड प्रमुख हैं। पूरे मार्ग में भक्ति गीतों के साथ वातावरण भक्तिमय बना रहेगा। नगर में जगह-जगह स्वागत द्वार सजाए गए हैं तथा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं सेवा के स्टॉल लगाए गए हैं। दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। वहीं, शोभायात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। विशेष ड्यूटी चार्ट लागू किया गया है और 100 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी बल तैनात किया गया है। शोभायात्रा मार्ग पर छतों से निगरानी की जाएगी, जबकि ड्रोन कैमरों के माध्यम से गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस द्वारा 6 अतिसंवेदनशील पॉइंट चिन्हित कर वहां विशेष सतर्कता बरती जा रही है। कोतवाली प्रभारी समयपाल अत्री के अनुसार, शोभायात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराना प्राथमिकता है।

----

Post a Comment

0 Comments