कैराना। तहसील कैराना क्षेत्र में खनन माफिया द्वारा गांव मंडावर के निकट बहती जलधारा के बीच यमुना नदी से नियम व शर्तों की खुली धज्जियां उड़ाते हुए भारी भरकम मशीनों से रेत खनन धडल्ले के साथ किया जा रहा है। इस संबंध में जिला खनन अधिकारी सहित प्रशासनिक अधिकारियों की चुप्पी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
जनपद शामली की तहसील कैराना क्षेत्र के गांव मंडावर के निकट आबंटित वैध पट्टे की आड़ में नियम व शर्तों की खुल्लम-खुल्ला धज्जियां उड़ाते हुए भारी भरकम मशीनों से रात-दिन अवैध रेत खनन किया जा रहा है, जबकि रेत खनन की अनुमति केवल दिन में 12 घंटे के लिए निर्धारित है। यमुना नदी से रेत खनन के दौरान तय मानकों व शर्तों की अनदेखी करते हुए बहती जलधारा के बीच निर्धारित गहराई से अधिक खुदाई की जा रही है।
बताते चलें कि पूर्व में भी प्रशासन द्वारा 74 लाख 94950 रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है। एनजीटी ने भी संज्ञान लिया था। इसके बावजूद रेत खनन ठेकेदार अपनी मनमानी करने से बाज नहीं आ रहा है। आरोप है कि बहती जलधारा के बीच खनन के कारण गहरे कुंड बन रहे हैं। जिसमें पूर्व में कुंड के कारण हादसे भी होते रहे हैं।
अब देखना यह है कि जिला खनन अधिकारी शामली सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों इस ओर ध्यान देकर क्या कठोर कार्यवाही अमल में लाते हैं या फिर कुंभकर्णी नींद में सोए रहते है। यह आने वाला समय ही बताएगा जो समय के गर्भ में छिपा है!

0 Comments