मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को उद्यमिता का प्रशिक्षण, आकर्षक पार्ट्स बनाना सिखाया


कैराना : उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत महाविद्यालय में गृहविज्ञान विभाग द्वारा छात्राओं के लिए उद्यमिता एवं रोजगार उन्मुख विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। 


विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कार्यक्रम मिशन प्रभारी डा नीतू त्यागी एवं गृहविज्ञान विभाग प्रभारी डा लतिका यादव के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस दौरान छात्राओं को मिट्टी के गमलों (पॉट्स) को आकर्षक ढंग से सजाने की कला का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में बताया गया कि किस प्रकार कम लागत में साधारण गमलों को सुंदर बनाकर बाजार में बेचकर आय अर्जित की जा सकती है। सत्र का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें छोटे स्तर पर उद्यमिता की ओर अग्रसर करना रहा। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विभिन्न रंगों व डिजाइनों का उपयोग कर तैयार किए गए आकर्षक पॉट्स ने सभी उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। इस अवसर पर गृहविज्ञान विभाग प्रभारी डा लतिका यादव ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद भी छोटे-छोटे प्रयासों से स्वरोजगार की शुरुआत की जा सकती है। उन्होंने छात्राओं को अपनी प्रतिभा को पहचानकर उसे आय के स्रोत में बदलने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और छात्राओं में आत्मनिर्भरता एवं उद्यमिता के प्रति सकारात्मक उत्साह देखने को मिला।

Post a Comment

0 Comments