कैराना : कोतवाली क्षेत्र में एक महिला के साथ मारपीट कर उसे घर से निकालने और उसके बच्चे को छीनने के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर एफआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 को महिला के साथ उसके पति व ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता का आरोप है कि बाद में उसी दिन ससुराल पक्ष के कुछ लोग उसके मायके पहुंच गए, जहां उन्होंने फिर से मारपीट करते हुए उसके बच्चे को जबरन छीनने की कोशिश की। घटना के दौरान पीड़िता ने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़िता ने अपने ससुर, सास, जेठ, जेठानी सहित अन्य पर मारपीट में शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments