कैराना में दबंगों का कहर: पीड़ित परिवार को दी जा रही जान से मारने की धमकी, पुलिस से कार्रवाई की मांग



कैराना। क्षेत्र के गांव जगनपुर निवासी एक युवक ने कुछ लोगों पर मारपीट, धमकी और उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों द्वारा लगातार उसे और उसके परिवार को परेशान किया जा रहा है, जिससे उनका सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है।

 पीड़ित अमित चौहान पुत्र सत्यवीर ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि आरोपियों से उसका पुराना विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने कई बार उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का आरोप है कि दिनांक 3 अप्रैल 2026 को शाम करीब 5:28 बजे वह अपने खेत पर कार्य करने गया था, जहां आरोपियों ने उसे घेर लिया। इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास भी किया गया।
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर उसे घायल कर दिया और लगातार धमकाते रहे कि यदि उसने विरोध किया तो उसे जान से मार दिया जाएगा। घटना के दौरान किसी तरह वह अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकला। पीड़ित का यह भी आरोप है कि आरोपी अक्सर उसे और उसके परिवार को निशाना बनाते रहते हैं, जिससे पूरे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। पीड़ित ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी मुकदमा दर्ज है, लेकिन इसके बावजूद वे खुलेआम धमकी दे रहे हैं। इससे उसे मानसिक व आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उसे और उसके परिवार को सुरक्षा मिल सके।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments