क्षेत्र के गांव कैडी में आज शुक्रवार को बालाजी जन्मोत्सव बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। बालाजी समिति के तत्वावधान में आयोजित भव्य शोभायात्रा ने पूरे गांव को भक्तिमय माहौल में रंग दिया। शोभायात्रा में भगवान बालाजी, भगवान श्री रामचंद्र सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान मंदिर परिसर में बालाजी समिति के पदाधिकारियों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुई। इसके पश्चात भगवान बालाजी को भोग अर्पित किया गया और सभी ने श्रद्धापूर्वक उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके बाद शोभायात्रा हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर गांव के प्रमुख मार्गों और चौराहों से गुजरती हुई पुनः मंदिर परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान गांव में विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों एवं महिलाओं द्वारा शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह फूलों की वर्षा कर भगवान बालाजी की आरती उतारी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस दौरान रविंद्र राणा, मनोज राणा, राजकुमार पाल, डॉ. राजकुमार, लोकेश कुमार, डॉ. कुलदीप, संजू राणा सहित बालाजी समिति के सभी पदाधिकारी, सदस्य, महिलाएं, युवा और बच्चे एवं ग्रामीण काफी संख्या में मौजूद रहे।

0 Comments