हाईवे पर खड़े हाइड्रा से टकराई बाइक, युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल।


दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे पर खड़े हाइड्रा से टकराने के कारण बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
थाना क्षेत्र के गांव बाबरी निवासी राहुल (26) पुत्र नवीन और आशु (25) पुत्र करण सिंह बृहस्पतिवार शाम करीब तीन बजे घर से दिल्ली के लिए दुकान का सामान लेने निकले थे। देर रात करीब 10 बजे जब दोनों दिल्ली से वापस लौट रहे थे, तभी दोघट थाना क्षेत्र में दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे पर खड़े एक हाइड्रा से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि राहुल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आशु गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना रात करीब 10:30 बजे परिजनों को मिली, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही परिजन व ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।
घायल आशु को आनन-फानन में मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। उधर, शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे जैसे ही राहुल का शव गांव पहुंचा, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गमगीन माहौल में ग्रामीणों की मौजूदगी में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बताया गया कि मृतक राहुल दो भाइयों में बड़ा था और गांव में ही चश्मा बनाने की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके डेढ़ वर्ष का एक मासूम बेटा है। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

Post a Comment

0 Comments