कैराना। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मवी काकौर में प्लॉट दिलाने के नाम पर ठगी करने, रुपये मांगने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़िता नफीसा पत्नी उस्मान ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसने 01 जुलाई 2024 को गांव के ही फुरकान पुत्र शौकत से एक प्लॉट खरीदने के लिए 10,000 रुपये बतौर बयाना दिए थे। इसके बाद उसने अलग-अलग समय पर कुल 1,10,000 रुपये और ऑनलाइन माध्यम से आरोपी को दिए, जिनके साक्ष्य भी उसके पास हैं। आरोप है कि बाद में पता चला कि संबंधित प्लॉट आरोपी ने किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया है। जब पीड़िता ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा और बाद में गाली-गलौज व धमकी देने लगा। घटना 01 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे की बताई गई है, जब पीड़िता ने पुनः पैसे की मांग की। आरोप है कि फुरकान अपने साथ मेहरबान व रिजवान को लेकर पीड़िता के घर पहुंचा और तीनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान मकान निर्माण में लगी बल्लियों को भी गिरा दिया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को बचाया। मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर फुरकान, मेहरबान और रिजवान के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments