थाना बाबरी क्षेत्र के गांव भनेड़ा जट में बुधवार को मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत मिशन शक्ति टीम द्वारा महिलाओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं को नए आपराधिक कानूनों, साइबर अपराध और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।कार्यक्रम में टीम के सदस्यों ने महिलाओं को “दंड से न्याय की ओर” की अवधारणा समझाते हुए तीन नए आपराधिक कानूनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही साइबर क्राइम, धोखाधड़ी, छेड़खानी और बाल अपराध जैसी घटनाओं से बचाव के उपाय भी बताए गए। महिलाओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में वे तुरंत संबंधित हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं।इस दौरान वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और एंबुलेंस सेवा 108 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी साझा की गई। टीम ने महिलाओं को इन सेवाओं का निडर होकर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
इसके अलावा, सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, समूह विवाह योजना और ‘ऑपरेशन सवेरा’ के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया।
मिशन शक्ति टीम ने कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियान का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे समाज में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सके।

0 Comments